मध्य प्रदेश के रायसेन जिले की विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक नगरी सांची में शनिवार, 28 नवंबर 2026 को दो दिवसीय 74वें महाबोधि महोत्सव की शुरुआत हो गई। 29 नवंबर तक चलने वाले इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में सुबह 7:30 बजे विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भगवान बुद्ध के प्रमुख शिष्यों सारिपुत्र और महामौद्गल्यायन के पवित्र अस्थि कलश श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखे गए।
यह महोत्सव मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग, रायसेन जिला प्रशासन और श्रीलंका की महाबोधि सोसायटी के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
चैत्यगिरि विहार और पवित्र अवशेषों का इतिहास
सांची में खुदाई के दौरान प्राप्त हुए सारिपुत्र और महामौद्गल्यायन के अस्थि अवशेषों को औपनिवेशिक काल में ब्रिटेन ले जाया गया था। बाद में महाबोधि सोसायटी के प्रयासों से इन्हें भारत वापस लाया गया और वर्ष 1952 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की उपस्थिति में सांची के चैत्यगिरि विहार में पुनः प्रतिष्ठा की गई।
तभी से हर वर्ष इस ऐतिहासिक आयोजन में देश-विदेश के बौद्ध भिक्षु और श्रद्धालु सांची पहुंचकर पवित्र अस्थि अवशेषों के दर्शन करते हैं।
मंगोलिया, श्रीलंका और जापान से पहुंचे प्रतिनिधि
इस वर्ष के महोत्सव में श्रीलंका, जापान, थाईलैंड और मंगोलिया समेत कई देशों के बौद्ध अनुयायी और प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं, जिनमें मंगोलिया से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की जानकारी दी गई है।
महोत्सव के दौरान श्रीलंका और जापान के कलाकार पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे और गायिका सायली कांबले का कार्यक्रम भी निर्धारित है। रायसेन जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सांची परिसर में सुरक्षा और यातायात के व्यापक प्रबंध किए हैं।




