गुरुग्राम / नई दिल्ली: भारत में निवारक स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता तेजी से बढ़ रही है। पीडब्ल्यूसी (प्राइसवाटरहाउसकूपर्स) इंडिया की 'वॉइस ऑफ द कंज्यूमर 2026: इंडिया पर्सपेक्टिव' रिपोर्ट के मुताबिक देश के 42 प्रतिशत उपभोक्ता प्रतिदिन व्यायाम करते हैं, जो 19 प्रतिशत के वैश्विक औसत से दोगुने से भी अधिक है।
डिजिटल हेल्थ टूल्स, चिकित्सकीय भरोसा और तनाव की बाधाएं
फरवरी-मार्च 2026 में 27 बाजारों के 21,808 लोगों पर हुए इस अध्ययन में भारत के 15 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 1,005 उपभोक्ता शामिल थे। सर्वेक्षण के अनुसार 10 में से नौ भारतीय (90 प्रतिशत) स्वास्थ्य ऐप या वियरेबल डिवाइस इस्तेमाल करते हैं, और 81 प्रतिशत लोग डॉक्टरों द्वारा जांचे जाने योग्य विश्वसनीय डेटा देने वाले उपकरणों के लिए अधिक भुगतान करने को तैयार हैं, जबकि वैश्विक स्तर पर यह आंकड़ा 65 प्रतिशत है।
लगभग 97 प्रतिशत भारतीय पोषण, फिटनेस, नींद और मानसिक स्वास्थ्य को अपनी दिनचर्या में जोड़ना चाहते हैं, हालांकि 67 प्रतिशत ने तनाव, थकान और कम ऊर्जा को प्रमुख बाधा बताया।
प्रोटीन ट्रैकिंग बढ़ी, पर कीटनाशकों को लेकर चिंता गहरी
पोषण के प्रति सतर्कता दिखाते हुए 53 प्रतिशत भारतीय नियमित रूप से प्रोटीन सेवन (वैश्विक औसत 35%), 50 प्रतिशत फाइबर और 49 प्रतिशत कैलोरी ट्रैक करते हैं। करीब 44 प्रतिशत लोग ताजे फल-सब्जियां और 19 प्रतिशत प्लांट-बेस्ड प्रोटीन बढ़ाने की योजना बना रहे हैं। हालांकि खाद्य सुरक्षा बड़ी चिंता बनी हुई है—71 प्रतिशत भारतीय भोजन में कीटनाशकों और 67 प्रतिशत माइक्रोप्लास्टिक्स को लेकर चिंतित दिखे।




