राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 27 नवंबर को केरलम, मिज़ोरम और नागालैंड के छह दिवसीय आधिकारिक दौरे की शुरुआत की। दो दिसंबर तक चलने वाले इस प्रवास में रक्षा, उच्च शिक्षा, आयुर्वेद और पूर्वोत्तर की जनजातीय विरासत से जुड़े कई प्रमुख कार्यक्रम शामिल हैं।
केरलम प्रवास और नौसेना अकादमी की पासिंग आउट परेड
दौरे के पहले दिन 27 नवंबर को राष्ट्रपति कलाडी स्थित आदि शंकराचार्य की जन्मस्थली (तलैयात्तुमपिल्ली) जाएंगी और त्रिशूर में वैद्यरत्नम आयुर्वेद कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगी।
28 नवंबर को वे कन्नूर जिले के एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी (आईएनए) में ऑटम टर्म 2026 की पासिंग आउट परेड की सलामी लेंगी।
मिज़ोरम दीक्षांत समारोह और नागालैंड का हॉर्नबिल महोत्सव
29 नवंबर को मिज़ोरम पहुंचने पर राष्ट्रपति केल्सीह में रोपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का दौरा करेंगी तथा 30 नवंबर को आइजोल में मिज़ोरम विश्वविद्यालय के 21वें दीक्षांत समारोह और रजत जयंती समापन को संबोधित करेंगी।
एक दिसंबर को वे नागालैंड राज्य स्थापना दिवस और किसामा में 27वें हॉर्नबिल महोत्सव के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। दो नवंबर 2022 के बाद नागालैंड का यह उनका दूसरा दौरा है। वे दो दिसंबर को दिल्ली लौटेंगी।




