नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएमआईए) ने अपनी पहली वर्षगांठ से पहले ही 40 लाख यात्रियों का अहम पड़ाव पार कर लिया है। 25 दिसंबर 2025 को वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत के बाद से 11 महीने से भी कम समय में हवाई अड्डे ने कुल 41,01,409 यात्रियों का आवागमन दर्ज किया है।
यात्री यातायात और एयरलाइंस का योगदान
हवाई अड्डे के आंकड़ों के अनुसार, कुल यात्रियों में 40,88,840 घरेलू और 12,569 अंतरराष्ट्रीय यात्री शामिल रहे। इनमें 20,23,241 यात्री पहुंचे और 20,78,168 यात्रियों ने प्रस्थान किया। इस अवधि में कुल 31,043 यात्री विमानों और 1,092 सामान्य उड्डयन विमानों की आवाजाही दर्ज की गई।
उड़ान संचालन में इंडिगो 24,777 उड़ानों के साथ सबसे आगे रहा, जिसके बाद अकासा एयर (3,125), एयर इंडिया एक्सप्रेस (2,955), फ्लाई91 (132) और स्टार एयर (54) का स्थान रहा।
कार्गो संचालन और शीतकालीन विस्तार
मालवाहक क्षेत्र में भी एनएमआईए ने तेजी से विस्तार किया है और 15 नवंबर 2026 तक कुल 40,868 मीट्रिक टन कार्गो संभाला, जिसमें 9,216 टन घरेलू और 31,652 टन अंतरराष्ट्रीय माल शामिल है। फिलहाल 18 कार्गो एयरलाइंस यहां से एम्सटर्डम, फ्रैंकफर्ट, हांगकांग और सिंगापुर सहित 24 वैश्विक केंद्रों को जोड़ती हैं।
विंटर 2026 शेड्यूल के तहत हवाई अड्डे का नेटवर्क बढ़कर 45 घरेलू और दो अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक पहुंच रहा है, जिसमें गुवाहाटी, जोधपुर, रांची, उदयपुर, बागडोगरा और दरभंगा जैसे नौ नए शहर जोड़े गए हैं। जुलाई 2026 में अबू धाबी सेवा के बाद अब 15 दिसंबर 2026 से जेद्दा के लिए सीधी उड़ान शुरू होने जा रही है।




