चांद और मंगल ग्रह पर जाने वाले भावी अंतरिक्ष यात्रियों को ताज़ा और विविधतापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए नासा के केनेडी स्पेस सेंटर और सहयोगी संस्थानों के वैज्ञानिक स्ट्रॉबेरी, खीरा और लेमन बेसिल पर परीक्षण कर रहे हैं। अंतरिक्ष में उगाई जाने वाली ये फसलें न केवल पोषण देती हैं, बल्कि कार्बन डाइऑक्साइड सोखने, ऑक्सीजन छोड़ने और पानी को रीसायकल करने में भी मदद करती हैं।
वाइल्ड स्ट्रॉबेरी की जगह 'डेलिज़' किस्म क्यों चुनी गई
केनेडी स्पेस सेंटर के शोधकर्ताओं ने ऑस्ट्रेलियन रिसर्च काउंसिल सेंटर फॉर एक्सीलेंस इन प्लांट्स फॉर स्पेस, यूनिवर्सिटी ऑफ मेलबर्न और यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के साथ मिलकर अंतरिक्ष जैसी परिस्थितियों में नासा की प्रमुख 'डेलिज़' (Delizz) और एक जंगली स्ट्रॉबेरी किस्म का तुलनात्मक अध्ययन किया। सितंबर में लाइफ साइंसेज इन स्पेस रिसर्च जर्नल में प्रकाशित निष्कर्षों में प्रमुख बातें सामने आईं:
- फलों का अंतर: डेलिज़ में बड़े लाल फल आए, जबकि रिसेसिव जेनेटिक म्यूटेशन के कारण जंगली किस्म में छोटे पीले फल लगे।
- जगह की सीमा बनी निर्णायक: बीज से उगाई गई जंगली स्ट्रॉबेरी में दोगुनी कलियां, फूल और फल आए, लेकिन उसकी बेलें अधिक फैलने (रनर्स) के कारण अंतरिक्ष यान की सीमित जगह में डेलिज़ ही शीर्ष विकल्प बनी रही।
अंतरिक्ष में पहली बार खीरा उगाने की तैयारी
अब तक अंतरिक्ष में पत्तेदार सब्जियां उगाई गई हैं, लेकिन कद्दू वर्गीय (गॉर्ड फैमिली) कोई फसल नहीं उगाई गई है। नासा-समर्थित वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष उड़ान जैसी स्थितियों में खीरे की वृद्धि, उपज और पोषण का परीक्षण किया, जिसके नतीजे अगस्त में हॉर्टसाइंस (HortScience) जर्नल में प्रकाशित हुए।
परीक्षण के दौरान खीरे के पौधों की कुछ पत्तियां सामान्य से बड़ी हुईं, फिर भी उनसे लगातार खाने योग्य फल प्राप्त हुए। नासा के अनुसार, मेन्यू में खीरे जैसी फसलें शामिल होने से अंतरिक्ष यात्रियों के स्वास्थ्य और मनोबल दोनों को लाभ मिलेगा। इसके अगले चरण में नासा का बायोलॉजिकल एंड फिजिकल साइंसेज डिवीजन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर एक प्रोटोटाइप फसल वृद्धि कक्ष भेजने की तैयारी कर रहा है।




