मुंबई: छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क (कस्टम) विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) ने 27 और 28 नवंबर को विभिन्न अभियानों में लगभग 39.8 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और तस्करी का सोना जब्त किया है। इन मामलों में नौ यात्रियों और संदिग्ध सिंडिकेट सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
36 करोड़ की केटामाइन और हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद
सबसे बड़ी कार्रवाई में 27 नवंबर को कस्टम जोन-तीन के एआईयू अधिकारियों ने करीब 12 किलोग्राम केटामाइन जब्त की, जिसकी कीमत लगभग 36 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारियों ने पहले थाई एयरवेज की उड़ान संख्या टीजी-318 से बैंकॉक जा रहे एक यात्री से 5 किलोग्राम केटामाइन बरामद की, जिसके बाद पूछताछ और एक रिहायशी ठिकाने पर छापेमारी में 7 किलोग्राम अतिरिक्त केटामाइन मिलने पर सिंडिकेट से जुड़े दो अन्य संदिग्धों को दबोचा गया।
तीनों आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 27 और 28 नवंबर को बैंकॉक से मुंबई पहुंचे दो अलग-अलग यात्रियों के पास से 2.27 करोड़ रुपये मूल्य का 6.5 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद कर दोनों को गिरफ्तार किया गया।
1,443 ग्राम सोना जब्त और आगे की जांच
इसी अवधि के दौरान एक अन्य अभियान में कस्टम अधिकारियों ने मुंबई आने वाले पांच यात्रियों के पास छिपाकर रखा गया 1,443 ग्राम 24 कैरेट सोना बरामद किया, जिसका मूल्य करीब 1.57 करोड़ रुपये है। सोने की तस्करी मामले में चार यात्रियों को सीमा शुल्क अधिनियम 1962 के तहत गिरफ्तार किया गया है और तस्करी नेटवर्क की जांच जारी है।




