मंदसौर, मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश सरकार मंदसौर जिले के कुरला गांव में 3,500 एकड़ से अधिक क्षेत्र में ग्रीनफील्ड केमिकल पार्क विकसित करने की तैयारी कर रही है। गांधी सागर में 18 नवंबर को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद राज्य ने केंद्र की 'भव्य' (BHAVYA) योजना के तहत 1,000 करोड़ रुपये का अनुदान मांगा है, जबकि बुनियादी ढांचे और साझा सुविधाओं के लिए राज्य सरकार कम से कम 500 करोड़ रुपये देगी।
150 इकाइयों और 15,000 करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य
मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) के माध्यम से प्रस्तावित इस पार्क में पेट्रोकेमिकल्स, स्पेशियलिटी केमिकल्स, पेंट्स, फार्मास्यूटिकल्स, प्लास्टिक, पॉलीमर और उर्वरक क्षेत्र की करीब 150 इकाइयां स्थापित होने का अनुमान है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इससे राज्य के औद्योगिक आधार को मजबूती मिलेगी। सरकार बीना में बीपीसीएल के पेट्रोकेमिकल विस्तार तथा गुना-विजयपुर क्षेत्र में गेल व नेशनल फर्टिलाइजर्स की अवसंरचना से सप्लाई लिंक जोड़ने पर भी काम कर रही है।
रियायती बिजली-पानी और जीरो लिक्विड डिस्चार्ज व्यवस्था
प्रस्तावित योजना के तहत पात्र इकाइयों को पहले 10 वर्षों तक 5 रुपये प्रति यूनिट बिजली और 25 रुपये प्रति किलोलीटर पानी के साथ स्टांप ड्यूटी एवं पंजीकरण शुल्क में छूट देने का प्रावधान रखा गया है। पर्यावरण प्रबंधन के लिए कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट, जीरो लिक्विड डिस्चार्ज (ZLD) प्रणाली और साझा अपशिष्ट प्रबंधन सुविधा विकसित की जाएगी।
केंद्र सरकार द्वारा योजना के तहत देश भर में तीन ग्रीनफील्ड केमिकल पार्क चुने जाने हैं, जिसके लिए चयन होने पर राज्य को कार्यान्वयन एजेंसी में कम से कम 51 प्रतिशत हिस्सेदारी और भारमुक्त भूमि सुनिश्चित करनी होगी।




