मध्य प्रदेश की बुरहानपुर पुलिस ने महाराष्ट्र के धाराशिव जिला प्रशासन के सहयोग से गन्ना कटाई के नाम पर बंधुआ मजदूरी कराए जा रहे 15 बच्चों सहित कुल 33 लोगों को सुरक्षित छुड़ाया है। यह कार्रवाई सोमवार, 23 नवंबर को की गई और अधिकारियों ने 24 नवंबर को इसकी आधिकारिक जानकारी साझा की।
मुक्त कराए गए लोगों में बुरहानपुर जिले के 10 मजदूर और 8 बच्चे तथा खरगोन जिले के 8 मजदूर और 7 बच्चे शामिल हैं।
अहिल्यानगर से धाराशिव ले जाकर छीने गए मोबाइल फोन
पुलिस के अनुसार करीब दो महीने पहले दो ठेकेदार इन परिवारों को मजदूरी दिलाने का झांसा देकर महाराष्ट्र के अहिल्यानगर ले गए थे और बाद में गन्ना कटाई के लिए धाराशिव स्थानांतरित कर दिया।
पीड़ितों ने बताया कि उन्हें न तो तय मजदूरी दी जाती थी और न ही पर्याप्त भोजन। पैसे मांगने या घर लौटने की बात कहने पर उनके साथ मारपीट की जाती थी और परिजनों से संपर्क तोड़ने के लिए मोबाइल फोन भी छीन लिए गए थे।
फरार ठेकेदारों की तलाश में दबिश
परिजनों की शिकायत के बाद बुरहानपुर पुलिस की टीम महाराष्ट्र पहुंची और धाराशिव प्रशासन की मदद से सभी 33 लोगों को छुड़ाकर वापस लाने की प्रक्रिया पूरी की।
कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपी ठेकेदार मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।




