भोपाल — मध्य प्रदेश पुलिस विभाग नए साल की शुरुआत में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी कर रहा है। दिसंबर में होने वाली विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठकों के बाद 1 जनवरी से राज्य कैडर के 33 भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों को एडीजी, आईजी और डीआईजी पदों पर पदोन्नत किया जाना प्रस्तावित है।
इन पदोन्नतियों के बाद कई जिलों में पुलिस अधीक्षकों (एसपी) के तबादले और नई पदस्थापनाएं भी संभावित हैं। 14-15 वर्ष की सेवा वाले अधिकारी डीआईजी, 18 वर्ष सेवा वाले आईजी और 24 वर्ष सेवा वाले अधिकारी एडीजी बनेंगे।
एडीजी और 20 आईजी पदों पर पदोन्नति
विभागीय जानकारी के अनुसार, 2003 बैच के अधिकारी और वर्तमान में आईजी (प्लानिंग) के पद पर कार्यरत अभय सिंह को 1 जनवरी से अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) के पद पर पदोन्नत किया जाएगा। वहीं, 2009 बैच के 20 डीआईजी अधिकारी आईजी रैंक में प्रमोट होंगे, जिनमें तरुण नायक, नवनीत भसीन, अमित सिंह, संतोष सिंह गौर, मुकेश कुमार श्रीवास्तव, सुनील कुमार पांडे, ओम प्रकाश त्रिपाठी, मोनिका शुक्ला, मनोज कुमार सिंह, सुनील कुमार जैन, अवधेश कुमार गोस्वामी, मनोज कुमार श्रीवास्तव, साकेत प्रकाश पांडे, अमित सांघी, तुषार कांत विद्यार्थी, सत्येंद्र कुमार शुक्ला, वीरेंद्र कुमार सिंह, प्रशांत खरे, अतुल सिंह और मनोज कुमार अग्रवाल शामिल हैं।
12 अधिकारियों को डीआईजी रैंक, कुछ नाम जांच व प्रतिनियुक्ति में
इसके अतिरिक्त 12 अधिकारी डीआईजी पद पर पदोन्नत किए जाएंगे, जिनमें सिद्धार्थ चौधरी, यशपाल सिंह राजपूत, धर्मवीर सिंह, अरविंद तिवारी, प्रमोद कुमार सिन्हा, विजय कुमार भगवानी, राजीव कुमार मिश्रा, नवनीत झारिया, रसना ठाकुर, जगदीश डाबर, संतोष कोरी और मनोहर सिंह मंडलोई के नाम शामिल हैं। विभागीय जांच के चलते वैष्णव शर्मा की पदोन्नति फिलहाल लंबित रह सकती है, जबकि प्रियंका मिश्रा और वीरेंद्र कुमार मिश्रा प्रतिनियुक्ति पर हैं।




