जबलपुर / रीवा: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने रीवा संभाग के कमिश्नर शैलेंद्र सिंह द्वारा पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत जारी एक निरोध आदेश में गंभीर कानूनी और प्रक्रियागत त्रुटियां मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई है। अदालत ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि कमिश्नर को इस तरह की जिम्मेदारी निभाने के लिए बुनियादी प्रशिक्षण की आवश्यकता है।
मुख्य न्यायाधीश की युगलपीठ ने उठाए सवाल
मुख्य न्यायाधीश अल्पेश यशवंत कोगजे और न्यायमूर्ति विवेक जैन की युगलपीठ ने रीवा निवासी ओमप्रकाश गुप्ता की ओर से अधिवक्ता आलोक तिवारी के माध्यम से दायर याचिका पर सुनवाई की। रीवा कमिश्नर ने याचिकाकर्ता को पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत छह माह के लिए भोपाल जेल में निरुद्ध रखने का आदेश जारी किया था। सुनवाई के दौरान आदेश में कई प्रक्रियागत खामियां सामने आईं, जिस पर अदालत ने संबंधित अधिकारी की कानूनी समझ पर सवाल उठाए।
दो दिन में संक्षिप्त जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश
युगलपीठ ने टिप्पणी की कि किसी व्यक्ति को निरुद्ध रखने का आदेश पारित करना अत्यंत संवेदनशील जिम्मेदारी है और इसमें कानून के प्रावधानों तथा निर्धारित प्रक्रिया का पूर्ण पालन अनिवार्य है। हाईकोर्ट ने कमिश्नर से दो दिनों के भीतर त्रुटियों और अदालत की टिप्पणियों पर संक्षिप्त जवाब तलब किया है, जिस पर अगली सुनवाई में विचार किया जाएगा।




