मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश ने मौसमी चरम बिजली मांग को पूरा करने के लिए 500 मेगावाट की पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज क्षमता साझा करने की पहल की है। अधिकारियों के अनुसार यह पूरक बिजली मांग पर आधारित देश की पहली अंतर-राज्यीय ऊर्जा भंडारण खरीद व्यवस्था है।
छह-छह महीने के उपयोग से लागत में बड़ी बचत
मध्य प्रदेश के ऊर्जा सचिव विशेष गढ़पाले ने बताया कि प्रदेश में रबी सिंचाई और सर्दियों के कारण नवंबर से अप्रैल के बीच बिजली की मांग सर्वाधिक रहती है, जबकि उत्तर प्रदेश में धान की खेती और गर्मियों के एयर कंडीशनिंग लोड के कारण मई से अक्टूबर के बीच मांग चरम पर पहुंचती है।
पूरे साल के लिए अलग-अलग 500 मेगावाट अनुबंध करने के बजाय दोनों राज्य छह-छह महीने एक ही भंडारण क्षमता का उपयोग करेंगे। दिन के समय उपलब्ध अतिरिक्त सौर ऊर्जा को संग्रहीत कर शाम के पीक आवर्स में सप्लाई किया जाएगा।
40 वर्षीय करार, विजेता कंपनियां और टैरिफ विवरण
मध्य प्रदेश पावर मैनेजमेंट कंपनी (MPPMCL) और उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित ई-रिवर्स नीलामी में जेएसडब्ल्यू नियो एनर्जी लिमिटेड और टोरेंट एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड ने बोली जीती है।
- क्षमता व करार: 40 वर्षीय बिजली खरीद समझौते के तहत संयंत्र 6 घंटे तक 500 मेगावाट भंडारण और लगातार 4 घंटे बिजली आपूर्ति करेगा
- वार्षिक भुगतान: स्टोरेज व डिस्चार्ज हानि सहित 1.3487 करोड़ रुपये प्रति मेगावाट प्रति वर्ष की दर से प्रत्येक राज्य सालाना 674 करोड़ रुपये भुगतान करेगा
- नियामकीय प्रक्रिया: विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 63 के तहत सीईआरसी से टैरिफ मंजूरी मिलने के बाद परियोजना स्थल तय किया जाएगा
उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक नितेश कुमार ने कहा कि इस साझेदारी से पीक आवर्स में महंगे पावर एक्सचेंज से खरीद व बैंकिंग की समस्या कम होगी और दोनों राज्यों को बराबर लाभ मिलेगा।




