भोपाल — मध्य प्रदेश सरकार 2 दिसंबर को भोपाल में उच्चस्तरीय नीति सम्मेलन 'नीति चिंतन 2026' आयोजित करने जा रही है, जिसमें कुपोषण, राज्य के कर्ज, स्थानीय रोजगार और सड़क सुरक्षा सहित 16 प्रमुख विषयों पर मंथन होगा।
नीति आयोग के सदस्य विक्रांत तोमर की अवधारणा पर आधारित यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा। सम्मेलन में मुख्यमंत्री मोहन यादव और मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल की उपस्थिति में अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी चार सत्रों में अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत करेंगे।
राजकोषीय सेहत, निवेश और रोजगार पर फोकस
उद्योग और सेवा क्षेत्र के सत्र में स्थानीय युवाओं को रोजगार, पेशेवर कार्यों में महिलाओं की भागीदारी और स्वरोजगार विस्तार पर चर्चा होगी। राज्य की राजकोषीय स्थिति के अंतर्गत विकास व्यय और कर्ज के ब्याज बोझ के बीच संतुलन, कर अनुपालन, राजस्व वृद्धि, डेटा सेंटर, निर्यात लॉजिस्टिक्स और आठवीं आर्थिक जनगणना की रूपरेखा रखी जाएगी।
कृषि सत्र में उत्पादकता बढ़ाने और गो-संवर्धन पर विचार होगा, जबकि बुनियादी ढांचा और शहरी विकास में महानगरों की योजना तथा सड़क हादसों में होने वाली मौतों को रोकने के उपायों पर जोर दिया जाएगा।
स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा की समीक्षा
आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत कुपोषण और आकांक्षी विकासखंडों में गर्भवती महिलाओं के बीच एनीमिया रोकने की रणनीति पर चर्चा होगी। स्वास्थ्य क्षेत्र में मातृ एवं नवजात देखभाल तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा की जाएगी।
शिक्षा सत्र में कक्षा आठवीं से नौवीं में सुगम प्रवेश, दसवीं के बाद पढ़ाई जारी रखने, उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, सतत विकास लक्ष्यों और बहुआयामी गरीबी से जुड़े पोषण व बुनियादी सुविधाओं पर प्रस्तुतियां तैयार की गई हैं।




