मध्य प्रदेश में अब नई कॉलोनी या बहुमंजिला अपार्टमेंट में मकान, फ्लैट या कमर्शियल प्रॉपर्टी खरीदते समय बिजली, पानी और सड़क की तरह डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग (डीसीआर) भी देखी जा सकेगी। राज्य के नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने इसके लिए मध्य प्रदेश भूमि विकास नियम 2012 में संशोधन का प्रारूप तैयार कर लिया है।
विभाग ने नए नियमों के प्रारूप पर 15 दिनों के भीतर आम नागरिकों और हितधारकों से सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित की हैं।
निर्माण के दौरान ही तैयार होगा नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर
वर्तमान भवन निर्माण नियमों में बिजली, पेयजल, सड़क और ड्रेनेज के मानक तय हैं, लेकिन इमारत के भीतर फाइबर केबल डक्ट और इन-बिल्डिंग नेटवर्क सॉल्यूशंस जैसी डिजिटल संचार सुविधाएं अनिवार्य नहीं थीं। इससे कॉलोनी बसने के बाद अलग से केबल डालने में दिक्कतें आती थीं और ऊंची इमारतों में मोबाइल नेटवर्क कमजोर रहने की शिकायतें रहती थीं।
नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे के अनुसार, बड़े अपार्टमेंट और कॉलोनियों में बिल्डरों को डिजिटल कनेक्टिविटी के विकल्प पहले से तैयार करने होंगे। शुरुआती चरण में किन श्रेणियों के भवनों पर यह नियम लागू होगा, इसका व्यवहारिक मापदंड तय किया जा रहा है।
ट्राई के मानकों के अनुसार मिलेगी डीसीआर रेटिंग
प्रस्तावित व्यवस्था भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) के जून 2026 में जारी रेटिंग मैन्युअल से जुड़ी होगी। प्रॉपर्टी डीलर और बिल्डर अपनी परियोजनाओं को रहवासी, सार्वजनिक या सरकारी श्रेणी में पंजीकृत कराकर डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग एजेंसी के समक्ष दस्तावेज जमा करेंगे, जिनके सत्यापन के बाद इमारत को आधिकारिक रेटिंग जारी की जाएगी।
- नियमों में बदलाव: मध्य प्रदेश भूमि विकास नियम 2012 में संशोधन का मसौदा जारी, 15 दिन में मांगे सुझाव।
- बिल्डर की जिम्मेदारी: फाइबर डक्ट और इन-बिल्डिंग नेटवर्क ढांचा निर्माण के साथ देना होगा।
- खरीदारों को लाभ: फ्लैट या मकान खरीदने से पहले हाई-स्पीड इंटरनेट और मोबाइल सिग्नल की प्रमाणित रेटिंग दिखेगी।




