जबलपुर — वन्यजीवों के शिकार, तस्करी और अस्वाभाविक मौत के कारणों की वैज्ञानिक पड़ताल को मजबूत करने के लिए जबलपुर स्थित नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय (एनडीवीएसयू) देशभर के विशेषज्ञों को प्रशिक्षित करेगा। विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ वाइल्ड लाइफ फोरेंसिक एंड हेल्थ में 9 से 12 दिसंबर के बीच यह विशेष प्रशिक्षण आयोजित होगा।
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने विश्वविद्यालय के शोध कार्य को देखते हुए इस परियोजना को मंजूरी और बजट दोनों प्रदान किए हैं। इस प्रशिक्षण से वन्यजीव अपराधों की जांच में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने और अदालती मामलों में सटीक प्रमाण प्रस्तुत करने में मदद मिलेगी।
देशभर से चुने जाएंगे 25 पशु चिकित्सक और शोधार्थी
वेटरनरी विश्वविद्यालय ने देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के पशु चिकित्सा शिक्षकों, विज्ञानियों, स्नातकोत्तर विद्यार्थियों और पीएचडी शोधार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। अनुभवी विशेषज्ञों की चयन समिति आवेदनों में से कुल 25 प्रतिभागियों का चयन करेगी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नमूनों की जांच, फोरेंसिक विश्लेषण, डीएनए परीक्षण तथा वन्यजीवों में बीमारियों की पहचान व उपचार की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा।
नेशनल पार्कों के अनुभव देशभर में साझा करने की पहल
कुलगुरु प्रो. मनदीप शर्मा ने बताया कि देशभर के नेशनल पार्कों में वन्यजीवों के शिकार पर रोक और बीमारियों के उपचार के क्षेत्र में स्कूल ऑफ वाइल्ड लाइफ ने जो काम किया है, अब इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के जरिए उस अनुभव को देशभर के वन्यजीव विशेषज्ञों तक पहुंचाया जा रहा है।




