बेंगलुरु: बेंगलुरु-बेलगावी वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान परोसे गए वड़ा के अंदर लोहे का बोल्ट मिलने के मामले में भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने कैटरिंग कंपनी एक्सप्रेस फूड सर्विसेज पर 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
यात्री की शिकायत के बाद रेलवे की त्वरित कार्रवाई
यह घटना 27 नवंबर 2026 को सामने आई, जब समर्थ कोदियाल नामक यात्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अधखाए दाल वड़ा में फंसे जंग लगे बड़े बोल्ट की तस्वीर और वीडियो साझा कर भारतीय रेलवे और आईआरसीटीसी से शिकायत की। यात्री ने इसे भोजन की गुणवत्ता में भारी चूक बताते हुए जांच की मांग की थी।
शिकायत पर प्रतिक्रिया देते हुए आईआरसीटीसी ने असुविधा के लिए खेद जताया और संबंधित सेवा प्रदाता के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी।
रसोई मशीनों के निरीक्षण और एसओपी पालन के निर्देश
रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लाइसेंसधारी फर्म पर 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों के सख्त पालन के निर्देश जारी किए गए हैं। नामित किचन सुपरवाइजर को खाना पकाने से पहले सभी मशीनों की गहन जांच करने और निगरानी व्हाट्सऐप ग्रुप में फोटो व वीडियो साझा करने का आदेश दिया गया है।
इसके अतिरिक्त वेंडर को अन्य रसोई इकाइयों से नाश्ता मंगवाने की सलाह दी गई है तथा क्षेत्रीय अधिकारी को नियमित जांच कर किसी भी उपकरण खराबी को तत्काल ठीक कराने को कहा गया है।




