देवास / इंदौर — तेलंगाना के एंटी-नारकोटिक्स ईगल फोर्स से मिले इनपुट और मध्य प्रदेश के देवास में पकड़े गए एक संदिग्ध सप्लायर से मिली जानकारी के आधार पर नागपुर क्राइम ब्रांच ने लगभग 1.75 करोड़ रुपये कीमत की करीब 1.5 किलोग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग जब्त की है।
लगभग दस घंटे चले इस अंतरराज्यीय अभियान में क्राइम ब्रांच की चार टीमों ने नागपुर और मध्य प्रदेश के देवास में समन्वित कार्रवाई की। जांच अधिकारियों के अनुसार देवास में पकड़े गए संदिग्ध से पूछताछ में नागपुर भेजी गई खेप के कई अहम सुराग हाथ लगे, जिसके बाद एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी गई।
दसरा रोड और सक्करदरा से भारी बरामदगी
पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र के दसरा रोड स्थित साने गुरुजी उद्यान के पास बिजली बॉक्स के नजदीक छिपाकर रखी गई 1,493 ग्राम संदिग्ध एमडी बरामद की और स्थानीय निवासी प्रतीक कदम तथा अब्दुल आरिफ अब्दुल रफीक को हिरासत में लिया। इनकी निशानदेही पर सक्करदरा क्षेत्र में शेख रफीक अब्दुल सत्तार (50) के ठिकाने से 131.98 ग्राम अतिरिक्त एमडी जैसा पाउडर, दो इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनें, पैकिंग सामग्री और मोबाइल फोन सहित लगभग 4.11 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया।
देवास, इंदौर और राजस्थान तक फैला नेटवर्क
जांच दल अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि मध्य प्रदेश के देवास और मालवा क्षेत्र के संपर्कों के जरिए यह नशीला पदार्थ किन रूट से महाराष्ट्र पहुंचा और इसके मुख्य फाइनेंसर कौन हैं। पुलिस मामले में राजस्थान से जुड़े एक कथित सप्लायर और स्थानीय वितरण नेटवर्क की तलाश भी कर रही है।




