प्रदेशव्यापी नागरिक सुरक्षा तैयारी के दूसरे चरण के तहत इंदौर में 27 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे पिपल्याहाना रोड स्थित एमजीएम बॉयज हॉस्टल परिसर में सिविल डिफेंस हवाई हमले की चेतावनी और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सायरन, रोशनी बंद करने और बचाव से जुड़ा यह पूरा घटनाक्रम एक नियोजित सुरक्षा अभ्यास है और नागरिकों को किसी भी तरह घबराने की जरूरत नहीं है।
ब्लैकआउट, निकासी और बचाव कार्य का अभ्यास
अभ्यास के संचालन के लिए जिला कमांडेंट होमगार्ड और जिला कमांडेंट एसडीईआरएफ को संयुक्त नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। मॉक ड्रिल में सिविल डिफेंस स्वयंसेवक, होमगार्ड जवान, एनसीसी कैडेट और संबंधित आपातकालीन विभाग हिस्सा ले रहे हैं।
इस दौरान हवाई हमले के सायरन की चेतावनी, ब्लैकआउट के तहत लाइट बंद कराने, लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, खोज और बचाव अभियान तथा त्वरित आपात प्रतिक्रिया का वास्तविक परिस्थितियों जैसा प्रदर्शन किया जाता है।
कलेक्टोरेट में हुई टेबल-टॉप समीक्षा
मॉक ड्रिल से एक दिन पहले 26 नवंबर को दोपहर 12 बजे इंदौर कलेक्टोरेट के कक्ष क्रमांक 102 में टेबल-टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों ने कार्ययोजना और अपने-अपने विभागीय दायित्वों की समीक्षा की।
मध्य प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी तरह के अभ्यास कर सुरक्षा और बचाव एजेंसियों के बीच तालमेल की जांच की जा रही है।




