भारत ने 2025–26 कृषि वर्ष में 378.538 मिलियन टन (3,785.38 लाख टन) का सर्वकालिक उच्च खाद्यान्न उत्पादन दर्ज किया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 26 नवंबर को आंकड़े जारी करते हुए बताया कि यह पिछले वर्ष के 357.732 मिलियन टन उत्पादन की तुलना में 20.806 मिलियन टन अधिक है।
चावल और गेहूं में ऐतिहासिक उछाल
नई दिल्ली में 2025–26 के अंतिम फसल उत्पादन अनुमान जारी करते हुए चौहान ने कहा कि भारत लगातार दूसरे वर्ष चीन को पछाड़कर दुनिया का सबसे बड़ा चावल उत्पादक बना हुआ है। इसके अलावा भारत दालों, जूट, मोटे अनाज (श्री अन्न) और मसालों के उत्पादन में भी विश्व में पहले स्थान पर है, जबकि भारतीय चावल के निर्यात में 5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
- चावल: उत्पादन 150.184 मिलियन टन से बढ़कर रिकॉर्ड 155.154 मिलियन टन (+4.970 मिलियन टन) पर पहुंच गया।
- गेहूं: गेहूं उत्पादन 4.119 मिलियन टन की बढ़त के साथ रिकॉर्ड 122.064 मिलियन टन रहा, जिससे भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर बना रहा।
- मक्का और मोटे अनाज: मक्का उत्पादन 43.409 मिलियन टन से उछलकर 55.025 मिलियन टन हुआ और कुल मोटे अनाज 74.080 मिलियन टन (श्री अन्न 17.209 मिलियन टन) तक पहुंचे।
दलहन, तिलहन और नकदी फसलों का प्रदर्शन
चावल और गेहूं में सरप्लस स्थिति के बाद सरकार का जोर अब राष्ट्रीय दलहन मिशन और खाद्य तेल मिशन के जरिए आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर है। कुल दलहन उत्पादन 1.557 मिलियन टन बढ़कर 27.240 मिलियन टन हो गया, जिसमें मूंग का 4.396 मिलियन टन का नया रिकॉर्ड शामिल है; चना 12.513 मिलियन टन और अरहर 3.599 मिलियन टन रहा।
तिलहन उत्पादन रिकॉर्ड 43.255 मिलियन टन पहुंचा, जिसमें मूंगफली 13.171 मिलियन टन, सरसों-राई 13.766 मिलियन टन और सोयाबीन 12.636 मिलियन टन रही। वहीं गन्ना 503.729 मिलियन टन, कपास 28.006 मिलियन गांठ (170 किग्रा प्रति) और जूट-मेस्ता 9.428 मिलियन गांठ अनुमानित है।
खरीफ 2026–27 का पहला अग्रिम अनुमान
वर्ष 2026–27 के खरीफ सत्र के पहले अग्रिम अनुमान के अनुसार, अल नीनो और मानसून की देरी के बावजूद कुल खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 167.143 मिलियन टन रहने का अनुमान है, जो पिछले पांच वर्षों के औसत से 9.767 मिलियन टन अधिक है।




