आईआईटी-मद्रास प्रवर्तक टेक्नोलॉजीज फाउंडेशन ने बोधब्रिज एजुकेशन के साथ मिलकर कक्षा 7 से 12 तक के स्कूली छात्रों, शिक्षकों और शैक्षणिक संस्थानों के लिए मुफ्त लाइव ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए पंजीकरण शुरू कर दिया है।
नवंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच मासिक बैच में आयोजित होने वाले इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य स्कूली पढ़ाई को उभरती तकनीकों और आधुनिक करियर मार्गदर्शन से जोड़ना है। लाइव ऑनलाइन कक्षाएं और पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क हैं, जबकि प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए नाममात्र शुल्क का विकल्प रखा गया है।
छात्रों और शिक्षकों के लिए प्रमुख प्रशिक्षण विषय
आईआईटी पूर्व छात्रों, उद्योग विशेषज्ञों और स्टार्टअप क्षेत्र के अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा संचालित इन सत्रों में केस स्टडी और व्यावहारिक गतिविधियों को शामिल किया गया है:
- कक्षा 7 से 12 के छात्रों के लिए: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की बुनियादी समझ, इलेक्ट्रिक वाहन एवं भविष्य की मोबिलिटी, उद्यमिता और डिजाइन थिंकिंग व नवाचार।
- शिक्षकों और संस्थानों के लिए: करियर काउंसलिंग प्रमाणन प्रशिक्षण, शैक्षणिक नेतृत्व विकास तथा क्लासरूम प्रबंधन और छात्र सहभागिता तकनीकें।
45 हजार से अधिक शिक्षकों को मिल चुका है लाभ
आईआईटी-मद्रास प्रवर्तक के डिजिटल स्किल्स अकादमी की प्रबंधक धनलक्ष्मी संपत के अनुसार, संस्थान के निशुल्क प्रशिक्षण अभियानों से अब तक 45,000 से अधिक शिक्षक लाभान्वित हो चुके हैं।
इन पाठ्यक्रमों के लिए इच्छुक छात्र और शिक्षक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल bodhbridge.iitmpravartak.org.in के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।




