चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय पोषण शिखर सम्मेलन 'बियॉन्ड कैलोरीज 2026' के दौरान चिकित्सकों और पोषण विशेषज्ञों ने 25 नवंबर 2026 को 'राष्ट्रीय सार्कोपेनिया घोषणापत्र' को अपनाया। इसका उद्देश्य देश में बढ़ती उम्र और जीवनशैली के कारण होने वाले मांसपेशियों के क्षरण (सार्कोपेनिया) से निपटने के लिए ठोस राष्ट्रीय रूपरेखा तैयार करना है।
बुजुर्गों के साथ युवाओं में भी बढ़ता जोखिम
आईएपीईएन इंडिया चेन्नई चैप्टर और सिम्स हॉस्पिटल्स के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस सम्मेलन में साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के 43.6 प्रतिशत भारतीय सार्कोपेनिया से प्रभावित हैं, जबकि 19.4 प्रतिशत गंभीर श्रेणी में हैं। विशेषज्ञों ने चेताया कि असंतुलित आहार, प्रोटीन की कमी, पुरानी बीमारियों और शारीरिक सक्रियता न होने से युवा वयस्क भी इसकी चपेट में आ रहे हैं।
सम्मेलन में डॉ. पट्टा राधाकृष्ण, डॉ. राजू शिवसामी, डॉ. रवि पचामुथु, कलावती स्वर्णा, मेरिना एलेक्स और विनीता कृष्णन सहित कई विशेषज्ञों ने भारत-विशिष्ट नैदानिक मानकों की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रोटीन, व्यायाम और राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति पर जोर
घोषणापत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर नियमित जांच, संतुलित प्रोटीन सेवन लक्ष्य, नियमित शक्ति प्रशिक्षण (स्ट्रेंथ एक्सरसाइज), अस्पताल में जल्दी मोबिलाइजेशन और आईसीयू के बाद पुनर्वास को शामिल करने की मांग की गई है। इसे विशेष रूप से ग्रामीण और कम आय वाले समुदायों के लिए राष्ट्रीय एनसीडी और स्वस्थ वृद्धावस्था कार्यक्रमों से जोड़ने की अपील की गई।




