हरदा, मध्य प्रदेश: हरदा जिले की तीन होनहार खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय स्कूल कराटे प्रतियोगिता में अपने-अपने भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। अंडर-17 वर्ग में संजना धुर्वे तथा अंडर-14 वर्ग में रितिका हरियाले और चांदनी धुर्वे ने गोल्ड मेडल जीतकर राष्ट्रीय स्तर की स्कूली खेल प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया।
गांव लौटने पर बाजे-गाजे और विजय रैली से स्वागत
पदक जीतकर गांव लौटने पर ग्रामीणों और तिनका सामाजिक संस्था के सदस्यों ने तीनों खिलाड़ियों का बाजे-गाजे, फूल-मालाओं और मिठाइयों के साथ भव्य स्वागत किया और विजय रैली निकाली। खिलाड़ियों के कोच करण रामटेक ने इस सफलता का श्रेय उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास को दिया तथा राष्ट्रीय स्पर्धा में भी बेहतर प्रदर्शन का भरोसा जताया।
अन्य बालिकाओं के लिए बनी प्रेरणा
स्वागत समारोह में तिनका सामाजिक संस्था के रितेश तिवारी, अध्यक्ष मना मंडलेकर, विकास वर्मा, शालिनी चौहान, शुभम केवट, रोहित खराटकर, विजय काजवे, निशांत सोलंकी, रीना बछानिया, रीना नायर, अनामिका परते, मलेसिंग धुर्वे और मंगल सिंग हरियाले सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि इन बेटियों की उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बालिकाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।




