ग्वालियर — मध्य प्रदेश के ग्वालियर में यशोदा अस्पताल के डॉक्टरों ने आधुनिक अवेक क्रेनियोटॉमी तकनीक के जरिए 75 मिनट के जटिल ऑपरेशन में एक 45 वर्षीय मरीज के दिमाग से ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाल दिया। खास बात यह रही कि पूरी सर्जरी के दौरान मरीज होश में रहा, चिकित्सकों से बातचीत करता रहा और उनका मनपसंद गीत 'पल-पल दिल के पास तुम रहती हो' भी गाता रहा।
किलागेट क्षेत्र के निवासी 45 वर्षीय मरीज को ब्रेन ट्यूमर के कारण दाहिने हाथ और पैर में कमजोरी महसूस हो रही थी। अस्पताल प्रबंधन से जुड़े डॉ. सुधीर राजोरिया के अनुसार, वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. अमित श्रीवास्तव ने उन्नत चिकित्सा तकनीक की मदद से यह संवेदनशील सर्जरी पूरी की।
संवेदनशील हिस्से में था पैराइटल मेनिंजियोमा
डॉ. अमित श्रीवास्तव ने बताया कि मरीज के दिमाग के बाईं ओर पैराइटल हिस्से में मेनिंजियोमा ट्यूमर था। यह भाग बोलने की क्षमता और हाथ-पैर की गतिविधियों को नियंत्रित करने वाले केंद्रों के बेहद करीब स्थित था, जिससे पारंपरिक बेहोशी वाली सर्जरी में आवाज या अंगों की गतिशीलता प्रभावित होने का खतरा रहता है।
इस जोखिम को टालने के लिए मेडिकल टीम ने मरीज को ऑपरेशन के दौरान जागृत रखने का निर्णय लिया, ताकि हर चरण में उसकी प्रतिक्रियाओं का सीधा आकलन किया जा सके।
गायन के जरिए बोलने और गतिशीलता की निगरानी
करीब सवा घंटे चले ऑपरेशन में डॉक्टर मरीज से लगातार संवाद करते रहे और उनके हाथ-पैर की गति पर नजर बनाए रखी। इसी क्रम में चिकित्सकों के कहने पर मरीज ने 'पल-पल दिल के पास तुम रहती हो' गाना शुरू किया और ट्यूमर निकाले जाने तक सहजता से गाता रहा। ऑपरेशन के बाद मरीज की सेहत में लगातार सुधार दर्ज किया गया है।




