मध्य प्रदेश के ग्वालियर के इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शहर में 'द मोबाइल प्लस' और 'स्मार्ट जोन' नाम से सात से आठ शोरूम संचालित करने वाला कारोबारी अमित हवलानी रातोंरात अपने परिवार के साथ लापता हो गया। शहर के 14 से 15 थोक मोबाइल वितरकों ने आरोप लगाया है कि आरोपी उनसे उधार में 3 करोड़ रुपये से अधिक के स्मार्टफोन लेकर फरार हुआ है, जबकि कुल बाजार देनदारी 9 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी जा रही है।
राजीव प्लाजा से थाटीपुर तक शोरूम बंद, एक्सयूवी-700 से भागा परिवार
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार आरोपी अमित हवलानी 23-24 नवंबर की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे पत्नी कनिका और पिता मोतीलाल के साथ सफेद एक्सयूवी-700 (एमपी07-जेडजेड-7888) से ग्वालियर से निकल गया। अगली सुबह राजीव प्लाजा, टोपी बाजार, थाटीपुर और जयेंद्रगंज स्थित उसके शोरूम बंद मिले और सभी मोबाइल नंबर स्विच ऑफ निकले।
पीड़ित फर्मों में मारुति कम्युनिकेशन, मोहित एंटरप्राइजेज, श्री राधिका एजेंसी और एचपी टेलीकॉम समेत कई वितरक व फाइनेंस प्रतिनिधि शामिल हैं। व्यापारियों का कहना है कि वर्षों का भरोसा कायम करने के बाद आरोपी ने अचानक भारी मात्रा में महंगे फोन स्टॉक में जुटाए और गायब हो गया।
मोबाइल एसोसिएशन ने रखा 5 लाख का इनाम, पासपोर्ट व सीसीटीवी की जांच
नाराज व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय और इंदरगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद ग्वालियर मोबाइल डिस्ट्रीब्यूशन एसोसिएशन ने आरोपी का सुराग देने वाले को 5 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
इंदरगंज पुलिस ने हाईवे टोल प्लाजा, दुकानों के सीसीटीवी फुटेज और आरोपी के पासपोर्ट विवरण की जांच शुरू कर दी है ताकि वह देश छोड़कर बाहर न भाग सके।




