वैश्विक टीका गठबंधन गावी (Gavi) ने 27 नवंबर को जिनेवा में घोषणा की कि उसे गिववेल (GiveWell) की ओर से 21.4 करोड़ अमेरिकी डॉलर (214 मिलियन डॉलर) तक का अनुदान मिला है, जिसका वित्तपोषण कोएफिशिएंट गिविंग द्वारा किया जा रहा है। दिसंबर में गावी बोर्ड की मंजूरी मिलने पर यह राशि अफ्रीका में मलेरिया टीकाकरण सहायता को बहाल करने में उपयोग होगी।
70% से बढ़कर फिर 85% आबादी तक पहुंचेगी सहायता
2026–2030 की रणनीति के लिए धन जुटाने के लक्ष्यों में कमी के बाद गावी ने मध्यम और उच्च संक्रमण वाले क्षेत्रों में अपनी सहायता घटकर 70 प्रतिशत पात्र आबादी तक सीमित कर दी थी। इस नए अनुदान के साथ देश-स्तरीय टीका बजट में फिर से 85 प्रतिशत पात्र आबादी के लिए समर्थन बहाल हो सकेगा।
वर्ष 2024 में शुरुआत के बाद से गावी समर्थित मलेरिया टीकाकरण अब 25 अफ्रीकी देशों के नियमित टीकाकरण कार्यक्रमों का हिस्सा बन चुका है, जहां दुनिया के 70 प्रतिशत से अधिक मलेरिया मामले सामने आते हैं।
तीनों खुराकों की मजबूत मांग और चार खुराक का लक्ष्य
गावी की सीईओ डॉ. सानिया निश्तर ने सबिन वैक्सीन इंस्टीट्यूट के ताजा विश्लेषण का हवाला देते हुए कहा कि एक वर्ष या उससे अधिक समय से अभियान चला रहे क्षेत्रों में पहली खुराक की औसत कवरेज 80 प्रतिशत और तीसरी खुराक की कवरेज 70 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।
साल 2024 में दुनिया में मलेरिया के अनुमानित 28.2 करोड़ मामले और 6.10 लाख मौतें हुईं—जिनमें करीब 95 प्रतिशत अफ्रीका में और 74 प्रतिशत पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों में थीं। गावी का लक्ष्य 2026 से 2030 के बीच सभी चार खुराकें देकर पांच करोड़ बच्चों को पूरी सुरक्षा प्रदान करना है।




