मध्य प्रदेश के मंडला जिले में तीन दिनों तक फसलों को नुकसान पहुंचाने के बाद चार जंगली हाथियों का दल अब बालाघाट जिले के गढ़ी वन परिक्षेत्र (कान्हा टाइगर रिजर्व बफर क्षेत्र से सटे इलाके) में प्रवेश कर गया है। इसके बाद बालाघाट वन विभाग के अमले को अलर्ट कर दिया गया है।
हाथियों का यह दल बुधवार को छत्तीसगढ़ से डिंडोरी होते हुए मंडला के मवई क्षेत्र में पहुंचा था और शुक्रवार देर रात मंडला की सीमा पार कर बालाघाट की ओर बढ़ गया।
परसेल, बदबार और सूरजपुरा में फसलों को नुकसान
मंडला में तीन दिन के विचरण के दौरान हाथियों ने मवई और मोतिनाला वन परिक्षेत्र के परसेल, बदबार और सूरजपुरा समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में खड़ी फसलों को रौंदा। वन विभाग की गश्ती टीमों ने सुरक्षित दूरी रखते हुए लगातार निगरानी की और ग्रामीणों को सतर्क रहने की समझाइश दी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मोतिनाला रेंजर की पुष्टि, बालाघाट में लोकेशन ट्रेसिंग
मोतिनाला रेंजर अभय पांडे ने पुष्टि की कि गुरुवार को दल कक्ष क्रमांक 1420 में मौजूद था और शुक्रवार देर रात गढ़ी वन परिक्षेत्र में दाखिल हो गया। अब मवई और मोतिनाला क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी नहीं है, जबकि बालाघाट वन अमला हाथियों की लोकेशन ट्रेस कर ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है।
- दल की संख्या और मार्ग: 4 जंगली हाथी डिंडोरी व मंडला होते हुए बालाघाट के गढ़ी रेंज पहुंचे।
- प्रभावित क्षेत्र: मंडला के परसेल, बदबार और सूरजपुरा में फसल क्षति, कोई जनहानि नहीं।
- सतर्कता: बालाघाट वन विभाग की टीमें लोकेशन ट्रेस कर गांवों को अलर्ट कर रही हैं।




