विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) ने खाद्य जनित रोगों के प्रकोप से तेजी से निपटने के लिए 56 से अधिक सदस्य देशों के 490 से ज्यादा खाद्य निरीक्षकों और जनस्वास्थ्य अधिकारियों को संयुक्त प्रशिक्षण दिया है।
कोडेक्स मानकों और त्वरित अलर्ट नेटवर्क का एकीकरण
तीन से पांच नवंबर के बीच आयोजित और 26 नवंबर को जारी इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण का उद्देश्य अफ्रीका और पूर्वी भूमध्य व पश्चिम एशिया क्षेत्रों में कोडेक्स एलिमेंटेरियस मानकों, इंटरनेशनल फूड सेफ्टी अथॉरिटीज नेटवर्क (इन्फोसान) और अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य विनियम (आईएचआर) के बीच समन्वय मजबूत करना रहा।
कनाडा, घाना, ओमान, सऊदी अरब और ब्रिटेन के विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को कोडेक्स के एचएसीसीपी सिद्धांतों (सीएक्ससी 1-1969) और प्रकोप प्रबंधन दिशानिर्देश (सीएक्सजी 96-2022) के तहत स्रोत की पहचान (ट्रेस-बैक), नमूना जांच, उत्पाद रिकॉल और जोखिम संचार का व्यावहारिक अभ्यास कराया।
सीमा पार खाद्य सुरक्षा में कम होगी देरी
अभ्यास सत्रों में दर्शाया गया कि प्रयोगशाला पुष्टि से पहले ही दूषित खाद्य उत्पाद विभिन्न देशों में पहुंच सकते हैं। घाना के खाद्य एवं औषधि प्राधिकरण के जेरोम सोग्लो ने कहा कि इस कार्यक्रम ने स्पष्ट किया कि हर एजेंसी बड़े खाद्य सुरक्षा तंत्र में कहां फिट बैठती है।
ईरान के महामारी विशेषज्ञ मोज्तबा पीरी के अनुसार, क्षेत्रीय जांच को इन्फोसान की त्वरित सूचना प्रणाली से जोड़ने पर समय की बचत होती है, जिससे जनस्वास्थ्य की रक्षा के साथ अंतरराष्ट्रीय खाद्य व्यापार पर भरोसा भी मजबूत होता है।




