गर्भाधान से लेकर दो वर्ष की आयु तक यानी जीवन के शुरुआती 1,000 दिनों में चीनी के सेवन को सीमित रखने से आगे चलकर वयस्क अवस्था में कैंसर का खतरा काफी कम होता है और जैविक उम्र बढ़ने की गति भी धीमी रहती है। प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज (पीएनएएस) में प्रकाशित इस अध्ययन के नतीजे 27 नवंबर को सामने आए।
शोधकर्ताओं ने ब्रिटेन में सितंबर 1953 में द्वितीय विश्व युद्ध के बाद की चीनी राशनिंग अचानक समाप्त होने के समय को एक प्राकृतिक प्रयोग के रूप में परखा। यूके बायोबैंक के 64,761 वयस्कों के आंकड़ों की तुलना की गई, क्योंकि राशनिंग खत्म होने के बाद लोगों में चीनी की खपत लगभग दोगुनी हो गई थी।
पांच प्रमुख कैंसर के मामलों में बड़ी कमी
अध्ययन में सामने आया कि जिन लोगों के शुरुआती 1,000 दिन चीनी नियंत्रण के दौर में बीते, उनमें पांच तरह के वयस्क कैंसर की दर 36 से 69 प्रतिशत तक कम रही। इनमें लिवर और पित्त नली के कैंसर में सबसे अधिक लगभग 69 प्रतिशत और स्तन कैंसर में करीब 36 प्रतिशत कम मामले देखे गए, जबकि मलाशय, प्रोस्टेट और फेफड़ों के कैंसर का जोखिम भी उल्लेखनीय रूप से घटा।
टेलोमेयर सुरक्षा और 50 साल तक बेहतर खानपान
वैज्ञानिकों ने इसके पीछे दो प्रमुख कारण पाए। पहला, शुरुआती वर्षों में कम चीनी लेने वालों की श्वेत रक्त कोशिकाओं में ल्यूकोसाइट टेलोमेयर की लंबाई अधिक रही, जो लगभग 2.2 वर्ष कम जैविक उम्र बढ़ने का संकेत देती है। दूसरा, इन लोगों ने पांच दशक बाद भी कम मीठा खाने और अधिक संतुलित तथा विविध आहार लेने की आदत बनाए रखी।




