देवास, मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने देवास में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में जनशिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर कड़ा रुख अपनाया। 27 नवंबर 2026 को हुई समीक्षा बैठक के दौरान शिकायत का समय पर समाधान न करने और संबंधित फाइल प्रस्तुत न कर पाने पर देवास जिला उद्योग विभाग के महाप्रबंधक (जीएम) रतन सिंह डावर को तत्काल निलंबित करने के आदेश दिए गए।
बैठक में मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल, मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव सुदाम खाडे, उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह, देवास कलेक्टर नेहा मीणा और पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
लापरवाही पर वेतनवृद्धि रोकी और जुर्माना लगाया
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने आवेदक सलोनी सिसोदिया की 'लाड़ली लक्ष्मी योजना' छात्रवृत्ति दूसरे खाते में चले जाने और फॉलो-अप न करने पर महिला एवं बाल विकास विभाग के संबंधित सुपरवाइजर की एक वार्षिक वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए।
- नल-जल योजना ठेकेदार पर जुर्माना: देवास निवासी सुरेश मालवीय की शिकायत के बाद पेयजल योजना में अनियमितता पाए जाने पर ठेकेदार पर एक लाख रुपये का जुर्माना ठोंका गया।
- जीएम का निलंबन: जनसुनवाई और शिकायत निवारण में ढिलाई पर उद्योग विभाग के जीएम रतन सिंह डावर निलंबित किए गए।
सैनिक परिवार और किसान को आर्थिक सहायता
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दिवंगत सैनिक पवन यादव के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके अलावा वन अधिकार पट्टाधारी किसान लाल सिंह को फसल बीमा का लाभ न मिलने की शिकायत पर 50,000 रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कर शीघ्र भुगतान के निर्देश दिए गए।




