भीकनगांव (खरगोन): मध्य प्रदेश के निमाड़ क्षेत्र में भीकनगांव के समीप नेमिट गांव में 26 नवंबर 2026 को सुबह 10 बजे जलवायु सत्याग्रह आश्रम की आधारशिला रखी गई। एनर्जी स्वराज फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस समारोह के मुख्य अतिथि संत प्रभुजी नागर महाराज रहे, जबकि इस पहल का नेतृत्व 'सोलर मैन' के नाम से प्रसिद्ध प्रो. चेतन सिंह सोलंकी कर रहे हैं।
एक मुट्ठी माटी अभियान और शून्य-प्लास्टिक पहल
आश्रम की नींव में 'एक मुट्ठी माटी' अभियान के तहत देश के सभी 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों से एकत्र की गई मिट्टी का उपयोग किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार यह आश्रम देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों को सीमित संसाधनों में सहज जीवन जीने और जलवायु संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का प्रशिक्षण देगा। कार्यक्रम में 1,000 से अधिक लोगों के भोजन व जलपान के बावजूद प्लास्टिक कचरा केवल 200 ग्राम तक सीमित रखने का लक्ष्य तय किया गया।
एनर्जी स्वराज यात्रा के छह वर्ष पूर्ण
यह आयोजन प्रो. सोलंकी की 11 वर्षीय एनर्जी स्वराज यात्रा के छह वर्ष पूरे होने के अवसर पर किया गया, जिसकी शुरुआत 26 नवंबर 2020 को हुई थी। पिछले छह वर्षों से सौर ऊर्जा से सुसज्जित बस में रहते हुए उन्होंने 90,000 किलोमीटर से अधिक की यात्रा की है और 2,200 से ज्यादा व्याख्यानों के माध्यम से छह लाख से अधिक लोगों से संवाद किया है।




