छिंदवाड़ा, मध्य प्रदेश: छिंदवाड़ा जिले के सिलेवानी जंगल में एक अज्ञात पुरुष का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सिलेवानी के फॉरेस्ट बीट के अंतर्गत कक्ष क्रमांक 1716 में शव पड़े होने की सूचना वन विभाग की बीट प्रभारी अनीता मसराम ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
शव की हालत खराब होने से शिनाख्त में आ रही परेशानी
मौके पर पहुंचे जांच अधिकारियों के मुताबिक शव की स्थिति बेहद खराब है, जिसके कारण मृतक का चेहरा पहचान में नहीं आ रहा है और शरीर से एक हाथ व दोनों पैर भी गायब हैं। पुलिस का अनुमान है कि व्यक्ति की मृत्यु के बाद जंगली जानवरों ने शव को बुरी तरह नोंच दिया। शव की हालत देखकर मृतक के बुजुर्ग होने की संभावना जताई जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आसपास के इलाकों से जानकारी का इंतजार
उमरानाला चौकी प्रभारी राजेश साहू ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि व्यक्ति जंगल में शराब पीने आया होगा और किसी कारण मौत के बाद जानवरों ने शव को नोंच लिया, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस की पहली प्राथमिकता मृतक की पहचान करना है और इसके लिए आसपास के गांवों में जानकारी जुटाई जा रही है; मौत की सटीक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।




