मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के सब्जी उत्पादक किसानों को इस समय भारी मंदी का सामना करना पड़ रहा है। छिंदवाड़ा की गुरैया सब्जी मंडी में बंपर आवक के कारण टमाटर का थोक भाव गिरकर 3 से 6 रुपये प्रति किलो यानी करीब 100 से 150 रुपये प्रति कैरेट पर पहुंच गया है, जिससे किसानों के लिए तुड़ाई और भाड़े का खर्च निकालना भी कठिन हो गया है।
गुरैया सब्जी मंडी में टमाटर और मटर दोनों के भाव टूटे
कुछ दिन पहले तक मंडी में टमाटर का थोक भाव 10 से 12 रुपये प्रति किलो और खुदरा बाजार में 30 से 40 रुपये प्रति किलो था, लेकिन अचानक आवक बढ़ने से नीलामी की दरें आधी से भी कम रह गईं। एक से दो एकड़ में टमाटर उगाने वाले किसान नरेश चौकसे ने बताया कि मौजूदा कैरेट भाव से खेत से मंडी तक की मजदूरी और परिवहन लागत तक नहीं निकल पा रही है।
इसी तरह हरी मटर की खेती करने वाले किसानों को भी निराशा हाथ लगी है। उत्पादकों को शुरुआती सीजन में 70 से 80 रुपये प्रति किलो भाव की उम्मीद थी, लेकिन मंडी में मटर का थोक भाव गिरकर 25 से 30 रुपये प्रति किलो रह गया है।
कुसमेली मंडी में 80 हजार क्विंटल तक मक्का की आवक
सब्जी मंडी में गिरावट के उलट छिंदवाड़ा की कुसमेली अनाज मंडी में मक्का की भारी आवक दर्ज की जा रही है। मंडी में रोजाना लगभग 70,000 से 80,000 क्विंटल मक्का पहुंच रही है और उपज करीब 3,000 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिक रही है।
हालांकि भारी आवक के चलते मंडी परिसर छोटा पड़ रहा है और भीड़ बढ़ने से कई किसानों को अपने वाहन व उपज लेकर सड़कों के किनारे इंतजार करना पड़ रहा है।




