भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के मध्य क्षेत्रीय केंद्र भोपाल में शनिवार 28 नवंबर 2026 को अर्जुन पुरस्कार विजेता एवं ओलंपियन विवेक सागर प्रसाद (डीएसपी) की मौजूदगी में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान 29 नवंबर रविवार को भोपाल के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में आयोजित होने वाले 'संडेज ऑन साइकिल' के 100वें ऐतिहासिक संस्करण की रूपरेखा साझा की गई।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, फिट इंडिया मूवमेंट, साई और भारतीय ओलंपिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में देश के 100 प्रमुख स्थलों पर एक साथ होने वाले इस आयोजन की थीम भारत के ओलंपिक सपने की ओर बढ़ते कदम रखी गई है।
भोपाल में सुबह 6 बजे से साइकिल रैली और फिटनेस सत्र
प्रेस वार्ता की अध्यक्षता साई क्षेत्रीय निदेशक गौरव रावत ने की। कार्यक्रम में 2012 के ओलंपियन व एथलेटिक्स कोच राम सिंह, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एल. नेहा देवी, साई सहायक निदेशक रजत शर्मा व नवीन कुमार गोब्बुरू तथा पीआईबी मध्य प्रदेश के सहायक निदेशक समीर वर्मा उपस्थित रहे।
- समय व कार्यक्रम: भोपाल के मानव संग्रहालय में 29 नवंबर को सुबह 6 बजे से सामूहिक साइकिल रैली, फिटनेस गतिविधियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और खिलाड़ियों से संवाद आयोजित होगा।
- ओलंपिक मूल्यों का संदेश: 100वां संस्करण उत्कृष्टता, सम्मान और मित्रता जैसे तीन प्रमुख ओलंपिक मूल्यों को समर्पित किया गया है।
- राष्ट्रीय नेतृत्व: केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया मुंबई के गिरगांव चौपाटी से राष्ट्रीय कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे।
युवाओं में खेल संस्कृति बढ़ाने पर जोर
दिसंबर 2024 में प्रारंभ हुआ 'संडेज ऑन साइकिल' अभियान 'फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज' और मोटापे के विरुद्ध जागरूकता संदेश को आगे बढ़ा रहा है।
विवेक सागर प्रसाद ने कहा कि फिटनेस मजबूत राष्ट्र की नींव है और ऐसे अभियान आम नागरिकों को खेल व स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ते हैं, वहीं राम सिंह ने नियमित अभ्यास व अनुशासन को खेल संस्कृति की बुनियाद बताया।




