भोपाल के टीटी नगर थाना पुलिस ने मध्य प्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल (एमपीएनआरसी) में कथित अनियमितता के एक चर्चित मामले में 26 नवंबर 2026 को जांच तेज करते हुए नोटिस जारी किए हैं। पुलिस ने शिकायतकर्ता एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार और नर्सिंग काउंसिल के जिम्मेदार अधिकारी को बयान दर्ज कराने तथा संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए तलब किया है।
बिना दस्तावेज सत्यापन के प्रोविजनल सर्टिफिकेट जारी होने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नर्सिंग काउंसिल के डिजिटल पोर्टल पर बिना शैक्षणिक दस्तावेजों और पहचान सत्यापन के एक गधे के नाम और फोटो के साथ प्रोविजनल नर्सिंग रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जारी हो गया। इस मामले के सामने आने के बाद काउंसिल की ऑनलाइन सत्यापन प्रणाली और अधिकारियों की निगरानी पर गंभीर सवाल उठे थे।
टीटी नगर थाना प्रभारी द्वारा जारी नोटिस में रवि परमार को 29 नवंबर को उपस्थित होने को कहा गया था, जिस पर उन्होंने भोपाल से बाहर होने की जानकारी देते हुए 27 नवंबर को अपना बयान दर्ज कराने का अनुरोध किया है।
मूल पोर्टल रिकॉर्ड जब्त कर एफआईआर दर्ज करने की मांग
रवि परमार ने पुलिस से मांग की है कि जांच के दौरान एमपीएनआरसी के डिजिटल पोर्टल, लॉगिन रिकॉर्ड और मूल रजिस्टरों को जब्त कर गहन पड़ताल की जाए और लापरवाही या मिलीभगत पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायतकर्ता और काउंसिल प्रतिनिधि दोनों के बयान व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य एकत्र करने के बाद नियमों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।




