मध्य प्रदेश के भोपाल-सीहोर सीमा से सटे फंदा जनपद क्षेत्र के ग्रामीणों ने गुरुवार रात प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री के विरोध में मशाल जुलूस निकाला और आंदोलन कार्यालय खोला। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि 28 नवंबर को दोपहर 12 बजे फंदा रेलवे क्रॉसिंग के पास चक्काजाम किया जाएगा।
आंदोलन में शामिल किसानों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रस्तावित प्लांट से क्षेत्र के भूजल स्तर, हवा की गुणवत्ता और खेती को गंभीर नुकसान पहुंचेगा।
भोजताल जलग्रहण और धूल प्रदूषण को लेकर ग्रामीणों की चिंता
ग्रामीणों के अनुसार फंदा क्षेत्र भोपाल के बड़े तालाब (भोजताल) के कैचमेंट जोन से जुड़ा है, ऐसे में सीमेंट इकाई लगने से धूल, औद्योगिक कण और अपशिष्ट जल स्रोतों को प्रभावित कर सकते हैं।
गांव-गांव में जनसंपर्क कर लोग 28 नवंबर के प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए समर्थन जुटा रहे हैं।
कलेक्टर ने दिया प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को दोबारा सुनवाई का निर्देश
मामले पर भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि ग्रामीणों की आपत्तियों को गंभीरता से लेते हुए मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को गांव वालों की बात फिर से सुनने का निर्देश दिया गया है।
हालांकि प्रशासनिक आश्वासन के बावजूद आंदोलन समन्वयकों ने स्पष्ट किया है कि परियोजना निरस्त होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।




