मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के सेवानिया ओंकारा क्षेत्र स्थित रेरा-अनुमोदित बेथलेहेम नगर सोसाइटी के लगभग 150 भूखंड धारक परिवारों को 17 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार अपने प्लॉटों का भौतिक कब्जा मिल गया है।
सोसाइटी के अध्यक्ष मैथ्यू अब्राहम ने 26 नवंबर 2026 को जिला कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को धन्यवाद पत्र भेजकर राजस्व प्रशासन की आठ महीने चली सीमांकन कार्रवाई के प्रति आभार जताया।
हुजूर एसडीएम के नेतृत्व में आठ महीने चला सीमांकन अभियान
रजिस्ट्री और रेरा स्वीकृति के बावजूद सीमांकन विवाद व राजस्व नक्शों के मिलान न हो पाने से 150 खरीदार परिवार वर्षों से जमीन पर कब्जे से वंचित थे।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया ने तहसीलदारों और पटवारियों की टीम लगाकर चरणबद्ध तरीके से नापजोख व सीमांकन पूरा कराया।
अब घर निर्माण का रास्ता साफ
कब्जा हस्तांतरण के बाद प्लॉट मालिकों ने उम्मीद जताई कि लगभग दो दशक पुरानी अड़चन दूर होने से अब परिवार अपने मकान निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकेंगे।




