मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू) के बायोसाइंस विभाग के वैज्ञानिकों ने मछलियों की प्रजाति की मौके पर सटीक पहचान करने वाली पोर्टेबल डीएनए बारकोडिंग डिवाइस विकसित कर उसका पेटेंट हासिल किया है। डॉ. आरके गर्ग और छह शोधार्थियों की टीम के इस नवाचार से जैव विविधता संरक्षण के साथ तस्करी और मिलावट की जांच में बड़ी मदद मिलने की उम्मीद है।
इस उपकरण की मदद से मछली के पूरे शरीर की आवश्यकता के बिना केवल त्वचा, मांस, पंख, अंडे और लार्वा के छोटे नमूनों से भी डीएनए जांच कर उसकी वास्तविक प्रजाति का पता लगाया जा सकेगा।
तस्करी और वन्यजीव अपराधों की जांच में उपयोग
कई बार कटे हुए हिस्सों, अंडों या प्रारंभिक अवस्था के लार्वा से बाहरी बनावट के आधार पर मछली या जलीय जीवों की प्रजाति पहचानना कठिन होता है। पोर्टेबल डीएनए बारकोडिंग तकनीक इस बाधा को दूर कर मौके पर ही वैज्ञानिक साक्ष्य उपलब्ध कराने में सहायक होगी।
विशेषज्ञों के अनुसार यह उपकरण जलीय जैव विविधता के संरक्षण, मछली बाजारों में मिलावट रोकने और वन्यजीव अपराधों से जुड़े मामलों में कानूनी जांच को गति देने में उपयोगी साबित होगा।
शोध से फील्ड तकनीक की ओर कदम
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के बायोसाइंस विभाग में लंबे समय से जलीय जीवों के डीएनए बारकोड डेटाबेस पर काम किया जा रहा है और यह नया पेटेंट प्रयोगशाला के शोध को व्यावहारिक फील्ड उपकरण में बदलने की अहम पहल है।




