मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने आगामी मैनेजमेंट इफेक्टिवनेस इवैल्यूएशन (MEE-2026) के छठे चक्र की तैयारियों के तहत 25 नवंबर 2026 को पर्यटन हितधारकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में सिंगल-यूज प्लास्टिक प्रतिबंध, कचरा प्रबंधन, पर्यटक सुविधाओं और सफारी अनुशासन पर विस्तार से चर्चा हुई।
क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता सहायक संचालक (ताला) जितेंद्र अवासे और ताला परिक्षेत्र अधिकारी राहुल किरार ने की। इसमें स्थानीय होटल-रिसॉर्ट संचालक, जिप्सी मालिक, टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन के पदाधिकारी और वाहन चालक शामिल हुए।
58 टाइगर रिजर्व में होने वाला चार वर्षीय मूल्यांकन
राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) और भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) हर चार वर्ष में देश के टाइगर रिजर्व का मूल्यांकन करते हैं। इस छठे चक्र में देश के 58 टाइगर रिजर्व का 34 मानक प्रश्नों के आधार पर आकलन किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि रिजर्व प्रबंधन की गुणवत्ता में स्थानीय पर्यटन तंत्र, सामुदायिक भागीदारी और वन्यजीव गलियारों में अनुशासित संचालन की अहम भूमिका होती है।
कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक रोक और स्थानीय रोजगार पर जोर
प्रबंधन ने रिसॉर्ट व होटल संचालकों से गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग निपटान सुनिश्चित करने तथा सिंगल-यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने को कहा। साथ ही पर्यटन इकाइयों में स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की अपील की गई।
सफारी चालकों और गाइडों को निर्धारित रूट का पालन करने, वाहन की गति नियंत्रित रखने और वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दोबारा याद दिलाए गए।




